देश की खबरें | नड्डा ने राहुल गांधी पर विदेश में भारत की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया

होशियारपुर (पंजाब), 14 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने बुधवार को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने भारतीय लोकतंत्र के बारे में अपनी हालिया टिप्पणियों के जरिए विदेशी धरती पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

नड्डा ने कहा कि राहुल को यह बात याद रखनी चाहिए कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने ही आपातकाल लगाया था।

नड्डा केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा के महा जनसंपर्क अभियान के तहत यहां एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

इससे पहले हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हुई एक रैली में भी भाजपा अध्यक्ष ने ऐसी ही टिप्पणियां कीं।

होशियारपुर में उन्होंने मोदी सरकार के कार्यों को सूचीबद्ध करते हुए कहा कि पिछले नौ साल में देश में जैसा काम हुआ, वैसा 70 वर्ष में नहीं हुआ।

नड्डा ने कहा कि केवल भाजपा ही विचारधारा और कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है जबकि शेष राजनीतिक दलों की कोई विचारधारा नहीं है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब मोदी जी भारत की छवि दुनिया भर में चमका रहे हैं, तो हमारे राहुल गांधी, 'कांग्रेस के युवराज', देश की छवि को खराब करने पर तुले हुए हैं।”

नड्डा के अनुसार राहुल गांधी ने लंदन में कहा कि भारतीय लोकतंत्र खतरे में है।

उन्होंने कहा, “क्या हम पर (भारत पर) 200 साल तक राज करने वाले वे लोग (ब्रिटिश) इसे बचाएंगे? और क्या वह (राहुल) इसे बचाएंगे, जिनकी दादी ने आपातकाल लगाया था।”

इससे पहले हिमाचल के कुल्लू में, नड्डा ने कहा कि जिस व्यक्ति की दादी, इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाया था और लोकतांत्रिक आवाजों को दबा दिया था, वह अपनी विदेश यात्राओं के दौरान और भारत विरोधी लोगों से मुलाकातों में लोकतंत्र के लिए खतरे की बात कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)