देश की खबरें | मेरा राजनीतिक जीवन बेदाग है, शिवराज मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं : कमलनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं और उनके लंबे राजनीतिक करियर के दौरान आज तक उनके खिलाफ कोई उंगली नहीं उठाई गई।
भोपाल, 14 अक्टूबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं और उनके लंबे राजनीतिक करियर के दौरान आज तक उनके खिलाफ कोई उंगली नहीं उठाई गई।
मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह के समर्थन में जन सभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा, ‘‘ प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। वह अच्छी तरह सुन लें, मुझ पर इतने वर्ष के राजनीतिक जीवन में आज तक कोई उंगली नहीं उठा सका, मेरा राजनीतिक जीवन बेदाग है, मेरा नाम ना कभी डंपर घोटाले से जुड़ा, ना व्यापंम घोटाले से जुड़ा और ना किसी ई-टेंडर घोटाले से जुड़ा।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘ मुझे लगा था कि सत्ता से बाहर होकर शिवराज जी सुधर जाएंगे, झूठ बोलना बंद कर देंगे लेकिन उनका झूठ बोलना अभी भी जारी है। मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं, उन्हें तो झूठे आरोपों के लिये मुझसे मंच पर आकर सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।’’
कमलनाथ ने कहा कि झूठ की राजनीति को प्रदेश की जनता ने पहचान लिया है और झूठ बोलने वालों को घर भी भेज दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिये बिना चंबल की जनता को बधाई देते हुए कहा कि जनता को गुलाम समझने वाले महाराजाओं से लोगों ने आजादी पा ली है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपनी सरकार में माफियाओं के खिलाफ अभियान शुरू किया था। सब जानते थे कि यहाँ के भाजपा प्रत्याशी का भी नाम सामने आने वाला था और वे यह भी जानते थे कि कमलनाथ को कोई डरा नहीं सकता, दबा नहीं सकता इसलिये इन जैसे लोगों ने भाजपा के साथ मिलकर सौदेबाजी की।’’
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों के ऋण माफ कर दिए, लेकिन अब किसानों को फसल बीमा के लिए पैसा नहीं मिल रहा है और शिवराज दावे कर रहे हैं कि उन्होंने किसानों के खातों में हजारों करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। चौहान झूठी घोषणाएँ कर रहे हैं। अपने 15 साल के शासन में, शिवराज ने 15,000 घोषणाएँ की थीं जो आज भी अधूरी हैं लेकिन उन्हें कोई शर्म नहीं है। वह अपनी जेब में एक नारियल रखते है और जब भी मौका मिलता है, वह उसे तोड़ देते हैं। (नींव रखने की रस्म करने के लिए)।’’
जनसभा को पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी संबोधित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 14, 2020 09:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

