देश की खबरें | मेरे दफ्तर और कर्मचारियों पर हमला किया गयाः राघव चड्ढा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 24 दिसंबर दिल्ली जलबोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने यहां झंडेवालान स्थित बोर्ड के मुख्यालय में उनके दफ्तर में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों पर हमला किया।

बहरहाल, भाजपा ने इसका खंडन करते हुए आरोप लगाया कि हमला आम आदमी पार्टी (आप) ने खुद कराया है।

चड्ढा ने दावा किया कि कुछ कर्मचारियों को चोटें भी आई हैं।

विधायक का आरोप है, “ करीब 250 लोग मेरे दफ्तर में घुसे और शीशे, दरवाजे और पोट तोड़ दिए। उन्होंने मेरे कर्मियों को धमकाया और उनपर हमला किया।“

उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता जल बोर्ड के मुख्यालय पर प्रदर्शन करने आए थे और पुलिस ने उन्हें परिसर में आने दिया।

चड्ढा ने एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें कथित रूप से टूटे हुए दरवाजे, शीशे, पोट, फर्नीचर एवं जमीन पर खून के निशान दिख रहे हैं।

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता वीरेंद्र बब्बर ने आरोप लगाया कि आप ने खुद इस हमले की योजना बनाई है और अब भगवा दल को जिम्मेदार ठहरा रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने प्रदेश भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है लेकिन वे इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)