खेल की खबरें | मरे बीमारी के कारण जोकोविच के खिलाफ मैच से हटे

  यह घोषणा दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे दौर के मैच के शुरू होने से कुछ समय पहले ही हुई। अगर यह मुकाबला होता तो दोनों खिलाड़ी 2017 में खेले गये दोहा फाइनल के बाद पहली बार एक-दूसरे का सामना करते।

कूल्हे की दो बार सर्जरी कराकर वापसी करने वाले मरे ने मैड्रिड में अपने शुरुआती दो मैच डोमिनिक थिएम और डेनिस शापोवालोव को हराया था। इस साल जनवरी के बाद यह पहला मौका था जब विश्व रैंकिंग के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने लगातार दो मैच जीते है।

मरे की बीमारी के बारे में फिलहाल अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।

उनकी की मौजूदा रैंकिंग 78 हैं और इसमें लगातार सुधार हो रहा है।

मरे के मुकाबले से हटने से जोकोविच टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये।

कोरोना वायरस का टीका नहीं लेने के कारण ऑस्ट्रेलियाई ओपन में खेलने से रोके जाने के बाद जोकोविच अपने सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं है। मौजूदा सत्र में यह उनका सिर्फ चौथा टूर्नामेंट है।

टूर्नामेंट के अन्य अहम मुकाबलों में चोट के कारण छह सप्ताह तक खेल से दूर रहे तीसरी वरीयता प्राप्त रफेल नडाल अगले दौर में यहां डेविड गोफिन से भिड़ेंगे, जबकि अपना 19वां जन्मदिन मना रहे स्पेन के कार्लोस अल्काराज के सामने कैमरून नोरी की चुनौती होगी।  

सर्बिया ओपन के फाइनल में जोकोविच को हराने वाले एंड्री रूबलेव का मुकाबला डेनियल इवांस से होगा। गत चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव क्वालीफायर लोरेंजो मुसेट्टी से भिड़ेंगे तो वही चौथी वरीयता प्राप्त स्टेफानोस सितसिपास का सामना ग्रेगोर दिमित्रोव से होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)