नयी दिल्ली, 29 मई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अगले महीने की शुरुआत में सूरीनाम और सर्बिया की यात्रा पर जाएंगी। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह जुलाई 2022 में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद मुर्मू की पहली आधिकारिक विदेश यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के निमंत्रण पर चार से छह जून तक सूरीनाम की यात्रा पर रहेंगी।
मंत्रालय के मुताबिक, मुर्मू सूरीनाम में संतोखी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी और इस देश में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
गौरतलब है कि पांच जून 1873 को 452 भारतीय मजदूरों को लेकर पहला जहाज सूरीनाम की राजधानी पारामारिबो पहुंचा था। इस मजदूरों में से ज्यादातर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि सूरीनाम में राष्ट्रपति ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाली जगहों का दौरा करेंगी और भारतीय समुदाय के सदस्यों से रूबरू होंगी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “राष्ट्रपति मुर्मू की सूरीनाम की यात्रा पिछले साल राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से उनकी पहली राजकीय यात्रा होगी।”
संतोखी इस साल जनवरी में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस के सम्मानित अतिथि के रूप में भारत आए थे और उन्होंने मुर्मू से मुलाकात की थी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दूसरे चरण में मुर्मू सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वूसिक के निमंत्रण पर सात जून से सर्बिया गणराज्य की यात्रा करेंगी।
मंत्रालय के अनुसार, सर्बिया में मुर्मू राष्ट्रपति वूसिक के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी और प्रधानमंत्री एन बरनाबिक तथा नेशनल असेंबली अध्यक्ष व्लादिमीर ओरलिक से मुलाकात भी करेंगी।
मंत्रालय ने बताया कि सर्बिया में राष्ट्रपति एक वाणिज्यिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद करेंगी।
उसने एक बयान जारी करके कहा, “राष्ट्रपति की सर्बिया की राजकीय यात्रा दोनों देशों में से किसी के भी राष्ट्राध्यक्ष की एक-दूसरे के देश की पहली राजकीय यात्रा है। यह द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक, सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के संबंधों को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY