देश की खबरें | बाड़मेर में दलित युवक की हत्या का मामला; परिजनों ने तीसरे दिन भी शव नहीं लिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बाड़मेर में दलित युवक की हत्या के मामले में परिजनों ने शव को शुक्रवार को तीसरे दिन भी नहीं लिया। पुलिस ने बताया कि परिजन मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।
जयपुर, 14 अप्रैल बाड़मेर में दलित युवक की हत्या के मामले में परिजनों ने शव को शुक्रवार को तीसरे दिन भी नहीं लिया। पुलिस ने बताया कि परिजन मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।
थानाधिकारी निंब सिंह ने आज बताया कि असाडी गांव निवासी कोजाराम मेघवाल (40) की कुछ लोगों ने बुधवार को पुरानी रंजिश के कारण लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि परिजनों ने मेघवाल की मृत्यु के तीन दिन बाद भी शव नहीं लिया है और शव फिलहाल जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखा हुआ है।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर परिजन और रिश्तेदार मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं और मांगे पूरी होने तक शव लेने से इंकार कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को दलित संगठनों और परिजनों ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रशासन और परिजनों के बीच बृहस्पतिवार को हुई वार्ता विफल होने के बाद शुक्रवार को भी गतिरोध जारी रहा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में 16 नामजद लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सिंह ने बताया कि नामजद तीन आरोपियों नरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह और रायपाल सिंह को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 14, 2023 06:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

