नयी दिल्ली, 18 जनवरी विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन 19-21 जनवरी तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा पर जायेंगे जहां वे यूएई के मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा अबूधाबी और दुबई में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, यूएई की यात्रा के दौरान मुरलीधरन भारतीय कारोबारियों, छात्रों, शिक्षकों, पेशेवरों से मुलाकात करेंगे तथा वहां काम करने वाले भारतीय श्रमिकों एवं सामाजिक नेताओं से बातचीत करेंगे।
मंत्रालय ने बताया कि मुरलीधरन 19-21 जनवरी तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा पर रहेंगे।
बयान में कहा गया है कि भारत और यूएई ने अपनी समग्र सामरिक गठजोड़ की भावना के अनुरूप करीबी समन्वय जारी रखा है। यह वर्ष भारत और यूएई दोनों के लिये खास होगा, क्योंकि इन्होंने जी20 और सीओपी28 की अध्यक्षता ग्रहण की है।
विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर ने दिसंबर 2022 में यूएई की यात्रा की थी जबकि यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायेद अल नाह्यान ने नवंबर 2022 में भारत का दौरा किया था।
यूएई के विदेश मंत्री ने 13 जनवरी को भारत की मेजबानी में आयोजित ‘वॉयस आफ ग्लोबल साउथ’ डिजिटल शिखर बैठक के जी20 से जुड़े सत्र में हिस्सा लिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY