देश की खबरें | मुंबई यातायात पुलिस को सलमान खान के खिलाफ धमकी भरा संदेश मिला

मुंबई, 18 अक्टूबर मुंबई यातायात पुलिस को फिल्म अभिनेता सलमान खान के खिलाफ धमकी भरा संदेश मिला है जिसमें अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

वर्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत धमकी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया है।

अधिकारियों ने बताया कि शहर के यातायात नियंत्रण कक्ष को बृहस्पतिवार दोपहर व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर एक धमकी भरा संदेश मिला।

उन्होंने बताया कि संदेश भेजने वाले ने अभिनेता को धमकी दी और उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

मशहूर अभिनेता को इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से भी जान से मारने के संबंध में धमकियां मिली थीं।

उन्होंने कहा कि बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने अप्रैल में अभिनेता के बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलीबारी भी की थी।

इस बीच, नवी मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को बिश्नोई गिरोह द्वारा जून में खान की हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया और उसके एक ‘शूटर’ को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी सुखबीर सिंह के रूप में हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)