देश की खबरें | मुंबई : सांताक्रूज होटल में लगी आग को बुझाया गया, कोई हताहत नहीं

मुंबई, 18 दिसंबर मुंबई के सांताक्रूज इलाके में स्थित एक होटल में सोमवार शाम को आग लग गई, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि सांताक्रूज (पश्चिम) में जुहू तारा मार्ग पर स्थित जुहू रेजीडेंसी होटल में शाम पांच बजकर 11 मिनट पर आग लगी और इस पर शाम छह बजकर 20 मिनट पर काबू पा लिया गया।

उन्होंने बताया, ''आग को बुझाने के लिए दमकल की चार गाड़ियों और अन्य वाहनों को लगाया गया था। होटल की बिजली आपूर्ति काटने के बाद चार पंपों का प्रयोग किया गया।''

अधिकारी के मुताबिक, होटल की तीसरी और चौथी मंजिल पर आग लगी। उन्होंने बताया कि आग के कारणों का पता फिलहाल नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

अधिकारी ने बताया कि जिस चार मंजिला होटल में आग लगी वह होटल जे डब्ल्यू मैरियट होटल के ठीक सामने है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)