देश की खबरें | हैदराबाद रियासत के आखिरी निजाम के पोते मुकर्रम जाह का तुर्किये में निधन

हैदराबाद, 15 जनवरी तत्कालीन हैदराबाद रियासत के आखिरी निजाम मीर उस्मान अली खान के पोते मुकर्रम जाह का शनिवार को तुर्किये के इस्तांबुल शहर में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। जाह के कार्यालय द्वारा रविवार को जारी बयान में यह जानकारी दी गई।

वर्ष 1933 में पैदा हुए मुकर्रम जाह तुर्किये चले गए थे और वहीं रह रहे थे। उनका पार्थिव शरीर 17 जनवरी को भारत लाया जाएगा।

बयान में कहा गया, ‘‘हमें यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हैदराबाद के आठवें निजाम नवाब मीर बरकत अली खान उर्फ मुकर्रम जाह बहादुर का बीती रात साढ़े 10 बजे इस्तांबुल, तुर्किये में निधन हो गया।’’

बयान में कहा गया कि अपनी मातृभूमि में दफनाए जाने की उनकी इच्छा के अनुसार, मुकर्रम जाह के बच्चे 17 जनवरी को पार्थिव शरीर के साथ हैदराबाद पहुंचेंगे।

इसमें कहा गया कि जाह को उनके पारिवारिक मकबरे में दफनाया जाएगा।

मुकर्रम जाह का जन्म मीर हिमायत अली खान उर्फ आजम जाह बहादुर के घर हुआ था, जो हैदराबाद रियासत के सातवें निजाम मीर उस्मान अली खान के पुत्र थे। हैदराबाद रियासत का वर्ष 1948 में भारतीय संघ में विलय हो गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)