जबलपुर (मप्र), 20 जून उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जबलपुर में नर्मदा नदी की अलौकिक छटा बिखेर रहे पवित्र ग्वारीघाट में मंगलवार की शाम मां नर्मदा की महाआरती में शामिल हुए और आरती की भव्यता देख भाव-विभोर हो गये। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि धनखड़ की पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ एवं मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी इस आरती में उनके साथ शामिल हुए।
धनखड़ ने स्वस्ति-वाचन, हर-हर नर्मदे, मां नर्मदा के जयकारों और नर्मदाष्टकम् के श्लोकों की गूंज के बीच पूरे विधि-विधान से पुरोहितों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना और आरती कर देश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने बताया कि इस दौरान 12 वर्षीय लाड़ली लक्ष्मी तेजस्विनी दुबे ने सभी को नर्मदा नदी को साफ एवं स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई।
उपराष्ट्रपति ने मां नर्मदा के विग्रह को शिरोधार्य किया और शीश नवा कर प्रणाम किया।
इससे पहले उपराष्ट्रपति भारतीय वायु सेना के विमान से शाम चार बजे जबलपुर के डुमना विमानतल पर पहुंचे, जहां राज्यपाल पटेल और केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने उनकी अगवानी की।
मालूम हो कि उपराष्ट्रपति धनखड़ 20 जून से दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर में हैं और वह 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय स्तर के योग कार्यक्रम में भी यहां शामिल होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY