निवाड़ी (मप्र), 18 जून मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के एक थाने में 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पिटाई करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को रविवार को लाइन हाजिर कर दिया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।
शनिवार को एक वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। इस वीडियो में दिख रहा है कि पीड़ित युवक एक अस्पताल में है और लोग दावा कर रहे हैं कि उसे थाने में पीटा गया है। यह कथित घटना टेहरका थाने में हुई।
निवाड़ी जिले के पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि ऋषि ठाकुर (25) को पीटने के सम्बन्ध में थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रमोद और आरक्षक मनोज एवं कुलदीप को लाइन हाजिर किया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जायगी।
जायसवाल ने बताया कि ऋषि के खिलाफ मारपीट की शिकायत मिलने के बाद उसे थाने बुलाया गया था।
वहीं, टेहरका थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अर्पित पाराशर ने बताया कि शिकायतकर्ता धर्मेश पांचाल और ऋषि का आपस में शनिवार को समझौता हो जाने से उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था।
उन्होंने दावा किया कि थाने में उसके साथ कोई मारपीट नहीं की गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY