इंदौर, 29 अगस्त मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता भंवर सिंह शेखावत ने मंगलवार को कहा कि वह ‘‘जनता की मांग पर’’ धार जिले की बदनावर सीट से अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, भले ही इसके लिए उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में क्यों ना उतरना पड़े।
शेखावत (72) का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब उनकी चुनावी दावेदारी के खिलाफ बदनावर क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा जगह-जगह पोस्टर लगा दिए गए हैं।
बदनावर के विधायक रह चुके शेखावत मूलत: इंदौर के निवासी हैं। उन्होंने अपने गृह नगर में संवाददाताओं से कहा,‘‘बदनावर की जनता वहां के वर्तमान विधायक (भाजपा नेता राजवर्धन सिंह दत्तीगांव) की कार्यशैली और व्यवस्था से बहुत नाराज है; जनता चाहती है कि मैं वहां से फिर चुनाव लड़ूं।’’
उन्होंने दावा किया कि बदनावर से चुनावी उम्मीदवारी के लिए उन्होंने भाजपा नेतृत्व से निवेदन किया है और कांग्रेस के नेताओं से भी उनकी चर्चाएं चलती रहती हैं।
शेखावत ने कहा,‘‘अगर भाजपा और कांग्रेस, दोनों मुझे बदनावर से टिकट नहीं देंगी, तब भी मैं जनता की इच्छा के मुताबिक बदनावर से ही चुनाव लड़ूंगा। अगर मुझे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी चुनाव लड़ना पड़ा, तब भी मैं लड़ूंगा।’’
शेखावत ने भाजपा उम्मीदवार के तौर पर वर्ष 2013 के विधानसभा चुनावों में बदनावर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजवर्धन दत्तीगांव के खिलाफ जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2018 के विधानसभा चुनावों में दत्तीगांव ने शेखावत को मात देकर पिछली हार का हिसाब बराबर कर लिया था।
दत्तीगांव कांग्रेस के उन 22 बागी विधायकों में शामिल थे जो वर्ष 2020 में सिंधिया के नेतृत्व में विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। इससे तत्कालीन कमलनाथ सरकार का पतन हो गया था। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सूबे की सत्ता में लौट आई थी।
सत्तापलट के बाद दत्तीगांव भाजपा के टिकट पर बदनावर क्षेत्र में विधानसभा उप चुनाव जीत गए थे। फिलहाल वह चौहान के मंत्रिमंडल में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग संभाल रहे हैं।
शेखावत के बयान पर दत्तीगांव की प्रतिक्रिया के लिए उनसे फोन पर संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन उनसे अब तक बात नहीं हो सकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY