देश की खबरें | मप्र : छात्र से पीएचडी थीसिस पर हस्ताक्षर के एवज में रिश्वत मांगने वाला प्रोफेसर रंगे हाथों गिरफ्तार

ग्वालियर (मध्य प्रदेश), 21 दिसंबर मध्य प्रदेश पुलिस की आर्थिक अपराध अनुंसधान शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मंगलवार को एक सरकारी कॉलेज के प्रोफेसर को एक छात्र से पीएचडी थीसिस पर हस्ताक्षर कर उसे क्लियर करने के एवज में 10,000 रुपए की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि दिल्ली का छात्र अवनीश कुमार ग्वालियर के मुरार स्थित शासकीय विजयाराजे सिंधिया गर्ल्स कॉलेज में प्रोफेसर बी डी मानिक के मार्गदर्शन में नृत्य विषय में पीएचडी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रोफेसर मानिक छात्र से पीएचडी की थीसिस पर साइन करने और प्रोजेक्ट पूरा करने के एवज में 51,000 रुपए मांग रहे थे। छात्र ने इस संबंध में सोमवार की शाम ईओडब्ल्यू में शिकायत की।’’

सिंह ने बताया कि विभाग ने जांच में शिकायत को सही पाया और छात्र व प्रोफेसर के बीच हुई बातचीत भी रिकॉर्ड की।

उन्होंने कहा कि मंगलवार की शाम को ग्वालियर में अपने मकान में प्रोफेसर मानिक को ईओडब्ल्यू टीम ने छात्र से 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।

सिंह ने बताया कि प्रोफेसर मानिक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)