देश की खबरें | मप्र : लोगों ने पूरे उत्साह के साथ क्रिसमस मनाया, पटाखे फोड़े

भोपाल, 25 दिसंबर मध्य प्रदेश के लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ प्रार्थना सभा और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन करके क्रिसमस का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर महू शहर में आधी रात को पटाखे भी फोड़े गए।

राज्य के कई हिस्सों में सांता क्लॉज की वेशभूषा में सजे कुछ लोग बच्चों को उपहार बांटते देखे गए। वहीं, गिरिजाघरों को भी उत्सव के लिए सजाया-संवारा गया था।

भोपाल में जहांगीराबाद इलाके में स्थित सेंट फ्रांसिस कैथेड्रल चर्च सहित अन्य गिरजाघरों में शनिवार रात को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर जैसे प्रमुख शहरों सहित राज्य के अन्य हिस्सों में भी क्रिसमस का जश्न मनाया गया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘आपको क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व आपके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली ले आए। सबके हृदय में सेवा, करुणा और सौहार्द के पुष्प पल्लवित हों। सब सुखी रहें, आनंदित रहें, यही कामना करता हूं।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी लोगों को इस पर्व की बधाई दी।

इंदौर जिले के महू छावनी क्षेत्र में स्थित क्राइस्ट चर्च की देखरेख करने वाले मेजर एस पॉल (सेवानिवृत्त) ने बताया कि आधी रात को गिरजाघरों में जश्न मनाने के लिए पटाखे फोड़े गए। उन्होंने कहा कि महू छावनी क्षेत्र में स्थित विभिन्न गिरजाघरों में रविवार सुबह आयोजित विशेष प्रार्थना सभा के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)