देश की खबरें | मप्र: चक्रवात बिपारजॉय के कारण इंदौर, उज्जैन में हल्की बारिश के आसार

भोपाल, 15 जून भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार शाम को कहा कि बिपारजॉय चक्रवात के कारण मध्य प्रदेश के इंदौर और उज्जैन जिलों में अगले 24 घंटों में तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश हो सकती है।

इससे पहले दिन में भीषण चक्रवाती तूफान बिपारजॉय ने पड़ोसी राज्य गुजरात में कच्छ तट पर दस्तक दी है।

आईएमडी भोपाल केन्द्र के निदेशक आर बालासुब्रमण्यम ने कहा, ‘‘इंदौर और उज्जैन जिलों में अगले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अन्य मध्य प्रदेश में बिपारजॉय का ज्यादा असर नहीं दिखेगा।’’

उन्होंने कहा कि पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश हुई है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश हुई है।

बालासुब्रमण्यम ने कहा कि चक्रवात के कमजोर पड़ने के बाद, ग्वालियर सहित उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में 18 और 19 जून को हल्की बारिश हो सकती है।

वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस बीच, उत्तर प्रदेश में झांसी से लगे टीकमगढ़ में बृहस्पतिवार को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि भोपाल, जबलपुर, दमोह, टीकमगढ़ और रतलाम जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)