देश की खबरें | मप्र : निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक बालक की मौत

श्योपुर (मप्र), एक अगस्त मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में मंगलवार को आयुष विभाग की एक निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से 12 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई और एक अन्य बालक घायल हो गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह घटना श्योपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम कनापुर में दोपहर करीब तीन बजे हुई।

देहात थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि कनापुर में आयुष विभाग का एक भवन बन रहा है, जिसके पास गांव के तीन बालक खेल रहे थे। उनके मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे बारिश होने से भवन की दीवार अचानक गिर गई जिसकी चपेट में आने से 12 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई और आठ वर्षीय एक बालक घायल हो गया।

उन्होंने कहा कि घायल बालक का उपचार जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है।

रघुवंशी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है।

मृतक के परिजन ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही से यह घटना घटित हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)