देश की खबरें | केंद्रीय गृह मंत्री की डिजिटल माध्यम से मौजूदगी में 30,000 किग्रा से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किये गए

नयी दिल्ली, 30 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की डिजिटल माध्यम से मौजूदगी में देश में चार स्थानों पर शनिवार को 30,000 किग्रा से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किये गए।

शाह चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम में उपस्थित हुए थे। वहां से उन्होंने दिल्ली, चेन्नई, गुवाहाटी और कोलकाता में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किये जाने की कार्रवाई को डिजिटल माध्यम से निरीक्षण किया।

गृह मंत्री ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद करीब 75,000 किग्रा मादक पदार्थ नष्ट करने का एक संकल्प लिया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह साझा करते हुए गर्व हो रहा है कि आज की तारीख तक हमने 82,000 किग्रा मादक पदार्थ नष्ट कर दिया है और यह 15 अगस्त तक एक लाख किग्रा तक पहुंच जाएगा।’’

स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मादक पदार्थ को नष्ट्र करने का अभियान एक जून को शुरू किया था और 29 जुलाई तक 11 राज्यों में 51,217 किग्रा से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किये गये हैं।

शनिवार को दिल्ली में 19,320 किग्रा, चेन्नई में 1,309, गुवाहाटी में 6,761 किग्रा और कोलकाता में 6,761 किग्रा मादक पदार्थ नष्ट किये गए।

शाह ने चंडीगढ़ में कहा कि केंद्र सरकार ने मादक पदार्थ को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)