देश की खबरें | असम में 3000 से ज्यादा स्कूलों में बच्चों के लिये शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं : मंत्री

गुवाहाटी, 22 दिसंबर असम में 3,000 से अधिक स्कूलों में लड़कों के लिए उचित शौचालय की सुविधा नहीं है, जबकि 1,600 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं के लिए ऐसी सुविधाओं की कमी है। राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।

शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने कहा कि 1,100 से अधिक स्कूलों में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है और 1,000 से अधिक में बिजली कनेक्शन नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि 2,900 स्कूल एकल शिक्षकों द्वारा चलाए जा रहे हैं, जबकि लगभग 4,800 शैक्षणिक संस्थानों में कोई विभाजन दीवार नहीं है और वे एक कमरे में संचालित होते हैं।

कांग्रेस विधायक और विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया के एक गैरतारांकित सवाल का जवाब देते हुए पेगू ने कहा कि लड़कों के लिए बिना उचित शौचालय सुविधा वाले 3,117 स्कूलों में से 2,747 प्राथमिक स्तर के और 370 माध्यमिक स्तर के हैं।

वहीं सैकिया के एक अन्य गैरतारांकित सवाल के जवाब में प्रदेश सरकार ने कहा कि वर्ष 2006 से 97 हाथियों को “धार्मिक गतिविधियों” के लिये दूसरे राज्यों में भेजा गया है और उनमें से कई लीज की अवधि बीत जाने के बाद भी “वहां बने हुए” हैं।

पर्यावरण एवं वन मंत्री चंद्र मोहन पतोवारी ने कहा कि यह हाथी दो-तीन सालों के लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, ओडिशा और झारखंड समेत अन्य राज्यों में भेजे गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)