जरुरी जानकारी | ई-श्रम पोर्टल पर 30.4 करोड़ से अधिक असंगठित क्षेत्र के श्रमिक पंजीकृत: श्रम मंत्रालय

नयी दिल्ली, 5 दिसंबर ई-श्रम पोर्टल पर एक दिसंबर, 2024 तक लगभग 30.4 करोड़ असंगठित श्रमिकों ने अपना पंजीकरण कराया है। बृहस्पतिवार को संसद को यह जानकारी दी गयी।

श्रम और रोजगार मंत्रालय ने आधार के साथ असंगठित श्रमिकों (एनडीयूडब्ल्यू) का एक व्यापक राष्ट्रीय डेटाबेस बनाने के लिए 26 अगस्त, 2021 को पोर्टल शुरू किया था।

पोर्टल का उद्देश्य असंगठित श्रमिकों को स्व-घोषणा के आधार पर एक सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) प्रदान करके उनका पंजीकरण और समर्थन करना है।

श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि एक दिसंबर, 2024 तक, 30.43 करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिकों ने ई-श्रम पर पंजीकरण कराया है।

अब तक विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों की 12 योजनाओं को ई-श्रम के साथ एकीकृत किया जा चुका है। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम-स्वनिधि), पीएम आवास योजना समेत अन्य शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)