मुंबई, 15 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महाराष्ट्र के सोलापुर में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) के लिए अगले महीने एक बड़ी आवासीय परियोजना का उद्घाटन करेंगे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र की अतिरिक्त मुख्य सचिव वलसा नायर सिंह ने कहा कि सोलापुर के रायनगर स्थित यह परियोजना 100 एकड़ में फैली है और इसमें 30,000 घरों का निर्माण शामिल हैं, जिनमें से 15,000 घर पहले ही बनाये जा चुके हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की सबसे बड़ी आवास योजना अब सोलापुर के रायनगर नामक स्थान पर निर्माण के अंतिम चरण में है।’’
सिंह ने इंडस्ट्री लॉबी ‘नारेडको’ की ओर से आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी अगले महीने इसका उद्घाटन करने आ रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर 300 वर्ग फुट का है और लाभार्थियों के लिए छह लाख रुपये की लागत आएगी। उनके मुताबिक इस योजना के लिए वही लोग पात्र होंगे, जिनके परिवार की प्रति वर्ष आय तीन लाख रुपये से कम होगी।
महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) इस परियोजना को पूरा कर रहा है, जिसे केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) से भी सहायता प्राप्त है।
अधिकारियों के अनुसार, यह सात हाउसिंग सोसाइटी का एक समूह है और लाभार्थियों में असंगठित श्रमिक, कपड़ा मजदूर, बीड़ी श्रमिक, निर्माण क्षेत्र के श्रमिक, कूड़ा बीनने वाले और परिधान निर्माण क्षेत्र के श्रमिक शामिल हैं।
इस बीच, सिंह ने कहा कि हजारों करोड़ रुपये की धारावी पुनर्विकास परियोजना को शुरू करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर बहुत जल्द हस्ताक्षर किये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह समझौता पूरे राज्य में इसी तरह की परियोजनाओं का मार्ग प्रशस्त करेगा, जहां एक क्लस्टर विकसित किया जाता है।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY