हैदराबाद, आठ दिसंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री एवं तेलंगाना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी और अन्य नेताओं ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। स्नानघर में गिरने से राव के कूल्हे की हड्डी टूट गई है।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, "यह जानकर व्यथित हूं कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को चोट लगी है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।"
रेवंत रेड्डी ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा कि उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य सचिव से अस्पताल जाने और यह देखने के लिए कहा है कि राव को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार मिले। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य सचिव से राव के स्वास्थ्य पर नजर रखने और उसके बारे में उन्हें लगातार अवगत कराने के लिए कहा है। रेड्डी ने राव के शीघ्र ठीक होने की कामना की।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, स्वास्थ्य सचिव एस ए एम रिजवी ने अस्पताल का दौरा किया और चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के साथ बातचीत की।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने कहा कि उन्हें यह जानकर दुख हुआ कि राव के कूल्हे की हड्डी टूट गई है और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की।
जन सेना पार्टी के संस्थापक पवन कल्याण ने भी राव के जल्द ठीक होने की कामना की। कल्याण ने एक विज्ञप्ति में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने जीवन में कई चुनौतियों को पार किया है और वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) को एर्रावेली स्थित अपने आवास में गिरने के कारण हुए फ्रैक्चर के बाद कूल्हा प्रतिरोपण सर्जरी करानी होगी और ठीक होने की प्रक्रिया में लगभग छह से आठ सप्ताह का समय लगेगा। यह जानकारी उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने शुक्रवार को दी।
राव के रिश्तेदार एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नवनिर्वाचित विधायक टी हरीश राव ने कहा कि कूल्हे की प्रतिरोपण सर्जरी शुक्रवार शाम को की जाएगी।
बीआरएस के कार्यकर्ताओं और नेताओं से "साहस नहीं खोने’’ की अपील करते हुए हरीश राव ने कहा कि सर्जरी के बाद अस्पताल एक बुलेटिन जारी करेगा। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को चिकित्सकों के सुझाव के अनुसार, अस्पताल नहीं आने लेकिन केसीआर के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करने को कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY