देश की खबरें | मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले मोदी मिले संभावित मंत्रियों से : हर्षवर्धन सहित कुछ मंत्रियों का इस्तीफा

नयी दिल्ली, सात जुलाई प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार करेंगे। मंत्रिपरिषद विस्तार में 43 चेहरों को शामिल किया जा सकता हैं। इनमें कुछ वर्तमान मंत्री भी हैं जिन्हें पदोन्नत किया जा सकता है।

इस बीच, केंद्रीय मंत्रिपरिषद से कुछ मंत्रियों के इस्तीफे का सिलसिला भी आरंभ हो गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘‘निशंक’’, केंद्रीय श्रम व रोजगार राज्यमंत्री संतोष गंगवार (स्वतंत्र प्रभार), केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा, शिक्षा राज्यमंत्री संजय धोत्रे, महिला व बाल विकास राज्यमंत्री देवोश्री चौधरी ने इस्तीफा दे दिया है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में अपने इस्तीफे की जानकारी दी।

एक सूत्र ने बताया कि रमेश पोखरियाल निशंक ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। निशंक कुछ समय पहले कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे। ठीक होने के बाद उन्हें दोबारा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के मद्देनजर अस्तपाल में भर्ती होना पड़ा था।

इन नेताओं के अलावा कुछ और मंत्रियों के भी इस्तीफे दिए हैं।

केंद्रीय मंत्रिपरिषद में आज शाम होने वाले फेरबदल व विस्तार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्री पद के संभावित चेहरों के साथ अपने आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और पार्टी के संगठन महासचिव बी एल संतोष भी प्रधानमंत्री आवास पर मौजूद थे।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिपरिषद विस्तार में 43 चेहरों को शामिल किया जा सकता हैं। साथ ही कुछ मंत्रियों को पदोन्नत किया जा सकता है। इस मंत्रिपरिषद में युवाओं और प्रशासिनक क्षमता वाले नेताओं को शामिल किया जा सकता हैं। इनमें चार पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिन नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है उनमें भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य नारायण राणे, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, हरियाणा के सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल, दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तराखंड के नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद अजय भट्ट, कर्नाटक के उडुपी चिकमगलूर से सांसद शोभा करंदलाजे, महाराष्ट्र के बीड से सांसद प्रीतम मुंडे, महाराष्ट्र के भिवंडी से सांसद कपिल पाटिल, महाराष्ट्र के ही दिन्डोरी से सांसद भारती पवार, उत्तर प्रदेश के खीरी से सांसद अजय मिश्रा, उत्तर प्रदेश के ही मोहनलाल गंज से सांसद कौशल किशोर, उत्तर प्रदेश के आंगरा से सांसद एस पी सिंह बघेल, ओडिशा से राज्यसभा के सदस्य अश्विनी वैष्णव, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद वीरेंद्र कुमार, पश्चिम बंगाल के कूचविहार से सांसद निषिथ पारामाणिक, पश्‍चिम बंगाल के ही बनगांव के सांसद शांतनु ठाकुर और पश्चिम त्रिपुरा की सांसद प्रतिमा भौमिक के नाम शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)