नयी दिल्ली, 30 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई और इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा के साथ ही प्रधानमंत्री ने यूक्रेन के साथ जारी युद्ध पर बातचीत व कूटनीति का रास्ता अख्तियार करने का फिर आह्वान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी।
पीएमओ ने कहा, "उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।"
बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने मोदी को रूस में हाल के घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी।
बयान में कहा गया कि यूक्रेन की स्थिति पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने बातचीत और कूटनीति का रास्ता अख्तियार करने का अपना आह्वान दोहराया।
दोनों नेताओं ने संपर्क में रहने और दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के प्रयास जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।
ब्रजेन्द्र पवनेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY