देश की खबरें | ओडिशा में निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मध्यम वर्षा

भुवनेश्वर, 22 जुलाई बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र (एलओपीएआर) के कारण ओडिशा में शनिवार को कई जिलों के साथ-साथ भुवनेश्वर और कटक शहर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग ने बताया कि 27 जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना है क्योंकि 24 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा लेकिन अगले दो दिनों में इसकी तीव्रता कम हो जाएगी।

राज्य में किसी भी स्थान पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान नहीं है।

मौसम विभाग ने रविवार को सुबह 8.30 बजे तक बरगढ़, संबलपुर, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, क्योंझर, मयूरभंज, अंगुल, कंधमाल, गंजम, देवगढ़ और बौध जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी ने लोगों को मौसम पर नजर रखने और बिजली गिरने से खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी।

इस दौरान, अचानक आई बाढ़ से प्रभावित मलकानगिरी जिले में कम से कम तीन लोग घायल हो गए और जिले में बारिश से संबंधित घटनाओं में सात घर क्षतिग्रस्त हो गए। कृषि भूमि अभी भी जलमग्न हैं, हालांकि सड़कों से पानी कम हो गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)