आइजोल, 27 मई देश में सबसे कम शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) मिजोरम में है और वहां हर एक हजार बच्चों के जन्म पर तीन शिशुओं की मौत होती है। भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त द्वारा प्रकाशित आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
आइजोल में अधिकारियों ने बताया कि पूर्वोत्तर राज्य ने लगातार दूसरे साल यह उपलब्धि हासिल की है।
‘सैम्पल रजिस्ट्रेशन सिस्टम’ (एसआरएस) बुलेटिन 2020 के अनुसार, हर एक हजार शिशुओं में से चार शिशुओं की मौत की दर के साथ नगालैंड दूसरे स्थान पर है। उसके बाद सिक्किम तथा गोवा में पांच-पांच की आईएमआर है। राष्ट्रीय औसत 28 है जबकि देश में सबसे अधिक 43 की शिशु मृत्यु दर मध्य प्रदेश में है।
आंकड़ों के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों में से असम में सबसे अधिक 36 शिशु मृत्यु दर है और उसके बाद मेघालय में 29 और अरुणाचल प्रदेश में 21 शिशु मृत्यु दर है।
मिजोरम में 2016 में शिशु मृत्यु दर 27 थी। 2017 में घटकर यह 15 हो गयी और 2018 तथा 2019 में कम होकर क्रमश: पांच और तीन हो गयी।
मिजोरम के स्वास्थ्य विभाग ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सामाजिक कल्याण तथा ग्रामीण विकास जैसे विभाग के कर्मचारियों के कठिन परिश्रम और समर्पण को दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY