देश की खबरें | मंत्रालय की समिति नीट, जेईई आयोजित करने को लेकर स्थिति की समीक्षा करेगी : मंत्री

नयी दिल्ली, दो जुलाई मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच जुलाई में मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की संभावना पर एक समिति को फैसला करने को कहा गया है।

अभिभावकों और छात्रों ने जुलाई में परीक्षा आयोजित करने को लेकर चिंता प्रकट की है जिसके बाद मंत्रालय ने यह कदम उठाया है।

यह भी पढ़े | ताजमहल-लाल किला समेत देश के सभी ऐतिहासिक धरोहर 6 जुलाई से खोले जाएंगे, लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का करना होगा पालन.

निशंक ने कहा, ‘‘ मौजूदा परिस्थिति और जेईई तथा नीट की परीक्षा में बैठने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों से मिले अनुरोध के मद्देनजर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों और अन्य विशेषज्ञों की एक कमेटी को स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया है। कल तक समिति अपनी सिफारिश सौंपेगी।’’

मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट का आयोजन 26 जुलाई को और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा जेईई का आयोजन 18-23 जुलाई को होना है ।

यह भी पढ़े | बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत, सीएम नीतीश कुमार ने मृतक के परिवार वालों को 4-4 लाख रुपये देने का किया ऐलान.

पिछले सप्ताह केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने एक से 15 जुलाई को आयोजित होने वाली बोर्ड की सभी लंबित परीक्षाओं को रद्द कर दिया था ।

छात्र इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षा को टालने का सरकार से अनुरोध करने के लिए ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर कर रहे हैं और ट्विटर पर अभियान चला रहे हैं।

पश्चिम एशिया में रहने वाले करीब चार हजार प्रवासी भारतीयों के अभिभावकों ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर नीट की परीक्षा को टालने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारत के बाहर कोई परीक्षा केंद्र नहीं हैं और कोरोना वायरस महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर प्रतिबंध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)