जयपुर, 20 जुलाई जयपुर के वैशाली नगर क्षेत्र में एक होटल में राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के भतीजे हर्षदीप सिंह और अन्य लोगों द्वारा कथित तौर पर होटल कर्मचारी के साथ हाथापाई करने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी।पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मंत्री खाचरियावास ने कहा कि उनके भतीजे ने कोई हाथापाई नहीं की । उन्होंने कहा कि इस घटना के वीडियो की जांच की जा सकती है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात यहां वैशाली नगर के ‘काउंटी इन’ होटल में तब हुई जब सिंह और अन्य लोगों की एक छोटी सी बात पर होटल के मेहमानों और कर्मचारियों से बहस हो गई।
वैशाली नगर के थानाधिकारी शिव नारायण ने बताया कि "मामले में एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी हर्षदीप सिंह और अन्य ने होटल की संपत्ति में तोड़फोड़ की। मामले की जांच की जा रही है।"
होटल मालिक अभिमन्यु सिंह ने एक वीडियो में कहा कि हर्षदीप सिंह ने दुर्व्यवहार किया और होटल की संपत्ति में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि अब समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
उधर, कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने पत्रकारों से कहा कि हर्षदीप किसी भी वीडियो में हाथापाई करते नजर नहीं आ रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY