देश की खबरें | मंत्री ने पुराने कपड़े, खिलौने के पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए अभियान शुरू किया

नयी दिल्ली, 15 मई केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कपड़े, जूते, खिलौने और किताबों जैसी पुरानी वस्तुओं के पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को एक अभियान ‘मेरी जिंदगी, मेरा स्वच्छ शहर’ शुरू किया। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान से मिली।

बयान के अनुसार, शहरी भारत कचरे से संपत्ति बनाने के सिद्धांत को तेजी से अपना रहा है तथा नागरिक पुरानी वस्तुओं के पुन: उपयोग के लिए उनका नवीनीकरण कर रहे हैं। बयान के अनुसार यह स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 (एसबीएम-यू 2.0) के तहत समग्र शून्य-अपशिष्ट पारिस्थितिकी तंत्र को गति दे रहा है।

इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य शहरों में कचरे को कम करने, पुन उपयोग करने तथा उसके नवीनीकरण (आरआरआर) के लिए एकल संग्रह केंद्र स्थापित करना है, ताकि नागरिकों के कपड़े, जूते, पुरानी किताबें, खिलौने और इस्तेमाल किए गए प्लास्टिक का पुन: उपयोग या पुनर्नवीनीकरण किया जा सके।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘तीन सप्ताह का यह अभियान एसबीएम-यू 2.0 के तहत नागरिकों के पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण करने के संकल्प को मजबूत करेगा और ‘मिशन लाइफ’ के उद्देश्य को भी बढ़ावा देगा।’’

मंत्रालय ने कहा कि सामान्य घरेलू सामानों का पुन: उपयोग या पुनर्चक्रण भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है।

बयान में कहा गया है कि इस साझा आदत से प्रेरणा लेते हुए, मंत्री ने ‘‘मेरी लाइफ, मेरा स्वच्छ शहर’’ अभियान शुरू किया।

आरआरआर केंद्रों को 20 मई को देश भर में शुरू किया जाना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)