नयी दिल्ली, 12 जनवरी कोयला सचिव अमृत लाल मीणा ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में बिजली क्षेत्र को प्रतिबद्ध मात्रा से अधिक कोयले की आपूर्ति की गई है और अगले सत्र में भी सूखे ईंधन के उत्पादन को बढ़ाने के लिए हर संभव उपाय किये जा रहे हैं।
कोयला सचिव ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कोयला मंत्रालय की 31 मार्च तक बिजली क्षेत्र को अधिक सूखे ईंधन की आपूर्ति करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि सभी कोयला कंपनियां आमतौर पर अपने लक्ष्य से अधिक उत्पादन कर रही हैं।
कोयला सचिव ने कहा, ''हम भूमि उपलब्धता, वन मंजूरी और लॉजिस्टिक के मामलों में सभी हितधारकों के साथ बातचीत कर रहे हैं।''
उन्होंने, बिजली मंत्रालय के उत्पादन करने वाली कंपनियों को कोयला आयात करने के हालिया निर्देश पर कहा कि यह एक 'निवारक' उपाय है।
मंत्रालय ने अप्रैल-सितंबर, 2023 के दौरान सूखे ईंधन की आपूर्ति में 2.4 करोड़ टन की कमी का अनुमान लगाया है और इसे पूरा करने के लिए बिजली उत्पादन कंपनियों (जेनकोस) को कोयले का समय पर आयात सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
मंत्रालय ने जेनकोस को अपनी जरूरत के छह प्रतिशत तक आयातित कोयले का उपयोग करने को कहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY