देश की खबरें | एमसीडी 12,000 संविदा कर्मचारियों को स्थायी करेगी : आतिशी

नयी दिल्ली, 23 फरवरी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मंगलवार को अपने सदन की बैठक के दौरान 12,000 संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने के संबंध में घोषणा करेगा। आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने रविवार को यह जानकारी दी।

महापौर महेश खिंची, उप महापौर रविंदर भारद्वाज और सदन के नेता मुकेश गोयल के साथ संवाददाता के दौरान दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि ‘आप’ के नेतृत्व वाली एमसीडी अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो वर्षों में हमने 4,500 (संविदा) कर्मचारियों को स्थायी किया है। अब 25 फरवरी को एमसीडी सदन की बैठक में हम सफाई कर्मचारियों, कनिष्ठ अभियंताओं, वरिष्ठ अभियंताओं, माली और अन्य संविदा कर्मचारियों सहित सभी विभागों में 12,000 से अधिक कर्मचारियों को नियमित करने जा रहे हैं।’’

आतिशी ने पंजाब में ‘आप’ नीत सरकार के शासन के साथ तुलना करते हुए कहा कि वहां अस्थायी शिक्षकों को स्थायी किया जा रहा है, जिससे श्रमिकों के अधिकारों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता झलकती है।

आतिशी ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि यह पार्टी अक्सर अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने से बचने के लिए बहाने बनाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता था कि भाजपा अपने वादों से बचने की कोशिश करेगी। इसलिए, नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति से पहले, हमने सुनिश्चित किया कि दिल्ली सरकार अपनी वित्तीय स्थिति को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने आम आदमी पार्टी के तहत दिल्ली की आर्थिक वृद्धि पर प्रकाश डाला और कहा कि जब पार्टी ने 2015 में पहली बार सरकार बनाई थी, तो शहर का बजट 30,000 करोड़ रुपये था।

उन्होंने दावा किया, ‘‘केंद्र सरकार से कोई वित्तीय सहायता नहीं मिलने के बावजूद, हमने दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया। आज, 2024-25 का बजट 77,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले एक दशक में करीब 2.5 गुना वृद्धि है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)