मेलबर्न, 19 जनवरी आस्ट्रेलिया के स्टार हरफनमौला मिशेल मार्श ने टखने के आपरेशन के बाद भारत के खिलाफ मार्च में होने वाली वनडे श्रृंखला से पहले वापसी का लक्ष्य तय किया है ।
पिछले साल टी20 विश्व कप से वह टखने की तकलीफ से जूझ रहे थे और दिसंबर में बिग बैश लीग भी नहीं खेल सके । अब वह फिट होने की राह पर है और भारत के खिलाफ वनडे श्रृंखला तक फिट हो सकते हैं ।
उन्होंने ‘फॉक्स क्रिकेट’ से कहा ,‘‘ आज पहली बार दौड़ा । वापसी करके अच्छा लग रहा था । यह कठिन भी था और आसान भी । मुझे थोड़ा काम करना होगा । उम्मीद है कि पांच से छह सप्ताह में खेलने लगूंगा ।’’
मार्श ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था ।
आस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल भी भारत दौरे से पहले अपनी फिटनेस साबित करने के लिये जूझ रहे हैं ।
उन्होंने कहा ,‘‘ हमें भारत का टेस्ट दौरा करना है और मैं उससे पहले पूरी तरह फिट होना चाहता हूं । समय ही बतायेगा कि ऐसा हो पाता है या नहीं । मैने अपनी ओर से पूरी कोशिश की है ।’’
आस्ट्रेलियाई टीम नौ फरवरी से पहला टेस्ट खेलेगी । चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के बाद तीन वनडे मुंबई(17 मार्च), विशाखापत्तनम (19 मार्च) और चेन्नई (22 मार्च) में खेले जायेंगे ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY