Share Market: बाजार में दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 283 अंक और चढ़ा
स्थानीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 283 अंक लाभ में रहा। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझानों के बीच घरेलू बाजार लाभ में रहे।
मुंबई, 3 नवंबर: स्थानीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 283 अंक लाभ में रहा। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझानों के बीच घरेलू बाजार लाभ में रहे. तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 282.88 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 64,363.78 पर बंद हुआ. दिन के कारोबार में सूचकांक 454.29 अंक तक चढ़ गया था. दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 97.35 अंक यानी 0.51 फीसदी बढ़कर 19,230.60 पर बंद हुआ.
सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन, टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक और सन फार्मा में उल्लेखनीय बढ़त हुई. दूसरी ओर नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, नेस्ले, टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस बैंक शामिल हैं. व्यापक बाजारों में बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.94 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मिडकैप सूचकांक में 0.71 प्रतिशत तेजी हुई.
क्षेत्रवार बात करें तो सभी सूचकांक बढ़कर बंद हुए. रियल्टी में 2.64 प्रतिशत, सेवाओं में 1.60 प्रतिशत, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं में 1.44 प्रतिशत, उपभोक्ता विवेकाधीन वस्तुओं में 1.15 प्रतिशत, तेल और गैस में 0.94 प्रतिशत, बैंकेक्स में 0.68 प्रतिशत और ऊर्जा में 0.73 प्रतिशत की बढ़त हुई. इस सप्ताह के दौरान कुल मिलाकर बीएसई सेंसेक्स 580.98 अंक यानी 0.91 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी में 183.35 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की तेजी रही.
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''मजबूत वैश्विक संकेतों, प्रमुख आर्थिक आंकड़ों के बेहतर रहने और घरेलू कंपनियों के अच्छे तिमाही नतीजों से आशावाद को बढ़ावा मिला है. ऐसे संकेत हैं कि फेडरल रिजर्व भविष्य में दरों में बढ़ोतरी नहीं करेगा। इसके अलावा तेल कीमतों में कुछ गिरावट से भी उम्मीद बढ़ी है.' एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़कर बंद हुए.
यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को तेजी के साथ बंद हुए. इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.01 प्रतिशत बढ़कर 86.86 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 12.43 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 03, 2023 07:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

