देश की खबरें | कई बार मुख्यमंत्री पद छोड़ने के सोचता हूं लेकिन यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा: गहलोत

जयपुर, तीन अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह कई बार मुख्यमंत्री पद छोड़ने की सोचते हैं लेकिन यह पद उन्हें नहीं छोड़ रहा।

साथ ही गहलोत ने आगामी विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि ‘अब आगे देखते हैं क्या होता है।’

गहलोत ने बृहस्पतिवार को राज्य के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के शिलान्यास एवं उद्घाटन के वर्चुअल कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अंगदान के लाभार्थियों से बातचीत कर रहे थे।

इस दौरान एक महिला ने अपने सफल इलाज के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि वह चाहती हैं कि गहलोत ही आगे मुख्यमंत्री बने रहें।

इस पर गहलोत ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री पद जो है ना, मैं कई बार सोचता हूं छोड़ना... पर मुख्यमंत्री पद मुझे नहीं छोड़ रहा।’’ मुख्यमंत्री आवास में मंच पर इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े लोगों के ठहाकों व तालियों के बीच लाभार्थी महिला ने दुबारा कहा, ‘‘मैं तो यही चाहती हूं कि मुख्यमंत्री आप ही रहें।’’

इस पर गहलोत ने कहा, ‘‘आप तो कह रही हो यह लगातार ... लेकिन मैं तो खुद कह रहा हूं कि मुख्यमंत्री पद मुझे छोड़ नहीं रहा है। अब आगे क्या होता है देखते हैं।’’

उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)