देश की खबरें | मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा के लिए यातयात प्रबंधन की समीक्षा की

श्रीनगर, 27 जून जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए यातायात प्रबंधन और व्यापक गतिशीलता योजना की समीक्षा करने के वास्ते मंगलवार को पुलिस तथा नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

एक प्रवक्ता ने बताया कि सिन्हा ने विभागों, जिला प्रशासनों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और संबंधित यातायात पुलिस के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जोन के आधार पर यातायात योजना बनाने का निर्देश दिया ताकि वाहनों तथा पैदल यात्रियों की सुचारू आवाजाही हो और पार्किंग की उचित व्यवस्था हो।

सिन्हा ने अधिकारियों से कहा, ‘‘काफिलों, पशुओं, आवश्यक सामान और बागवानी उत्पाद ले जा रहे वाहनों की आवाजाही के लिए समय सारिणी अधिसूचित की जाए। यातायात परामर्श और कार्यक्रमों का सख्ती से पालन किया जाए।’’

उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सीमा सड़क संगठन और अन्य एजेंसियां किसी भी समस्या से निपटने के लिए अतिरिक्त कर्मियों और मशीनरी की तैनाती करें।

उन्होंने मंडल आयुक्तों और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातयात प्रबंधन की निगरानी करने का निर्देश दिया।

प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में मुगल रोड, वैकल्पिक मार्गों, मुगल रोड पर सावर्जनिक सुविधाओं के इस्तेमाल और पहलगाम तथा सोनमर्ग में यातायात प्रबंधन पर भी चर्चा की गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)