लुधियाना (पंजाब), पांच मई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राज्य में 80 आम आदमी क्लिनिक शुरू कीं।
केजरीवाल ने एक कार्यक्रम में कहा, इसके साथ ही पंजाब में 580 आम आदमी क्लिनिक संचालित हो रही हैं और लोगों को मुफ्त तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा दे रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम पंजाब की सत्ता में सिर्फ एक साल से हैं, लेकिन बहुत तेजी से काम कर रहे हैं।’’
आप प्रमुख ने कहा, ‘‘पंजाब तेजी से प्रगति कर रहा है। 75 साल तक लोगों ने सिर्फ लूट देखी है और पहली बार राज्य विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है।’’
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में एक ‘ईमानदार सरकार’ सत्ता में आ गई है और इससे विपक्षियों के पसीने छूट रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी इतने कम समय में राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।
मान ने कहा कि आम आदमी क्लिनिक से पंजाब में 25.63 लाख मरीजों को फायदा हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इन क्लिनिकों ने सरकार को राज्य में फैली विभिन्न बीमारियों के आंकड़े जुटाने में और उनसे प्रभावी तरीके से निपटने में मदद की है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY