देश की खबरें | मणिपुर: मेइती नागरिक संस्था शनिवार को निकालेगी शांतिमार्च

इंफाल, छह मार्च मणिपुर में मेइती समुदाय की एक नागरिक संस्था ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अन्य समान विचारधारा वाले संगठनों के साथ मिलकर आठ मार्च को इंफाल से सेनापति जिले तक शांति मार्च निकालने के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम पर आगे बढ़ेगी।

‘फेडरेशन ऑफ सिविल सोसाइटी (एफओसीएस)’ के अध्यक्ष टी एच मनिहार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आठ मार्च से मणिपुर में सभी सड़कों पर सभी लोगों की निर्बाध आवाजाही की अनुमति देने की घोषणा की सराहना करते हैं। इसके अनुरूप, हम किसी को भड़काने के लिए नहीं, बल्कि सद्भाव का संदेश देने के लिए अपने शांति मार्च के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’

तीन कुकी संगठनों के विरोध की बात मानते हुए मनिहार ने उनसे मार्च का समर्थन करने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘तीन कुकी संगठनों ने हमारे प्रस्तावित मार्च पर आपत्ति जताई है। हम उनसे शांति के इस प्रयास में शामिल होने की अपील करते हैं। यह मार्च यह देखने का भी एक तरीका है कि क्या केंद्र निर्बाध आवाजाही की अनुमति देने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है।’’

एफओसीएस के मुताबिक मार्च सुबह आठ बजे इंफाल के कंगला गेट से शुरू होगा और सेनापति जिले तक जाएगा। संगठन ने निकट भविष्य में सीमावर्ती शहर मोरेह तक एक और मार्च की योजना बनाई है।

मनिहार ने दावा किया कि ‘कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू)’ और ‘इंडिजेनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ)’ जैसे संगठनों ने इस मार्च का विरोध नहीं किया है। उन्होंने उनसे शांति के इस प्रयास का समर्थन करने का आह्वान किया है।

इंफाल से सेनापति तक का मार्च कुकी बहुल कांगपोकपी जिले से होकर गुजरेगा।

धीरज राजकुमार

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)