एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मांडविया, फडणवीस ने शिवाजी महाराज की जयंती पर पुणे में पदयात्रा का नेतृत्व किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर पुणे में पदयात्रा का नेतृत्व किया और युवाओं से उनकी विरासत से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

देश की खबरें | मांडविया, फडणवीस ने शिवाजी महाराज की जयंती पर पुणे में पदयात्रा का नेतृत्व किया

पुणे, 19 फरवरी केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर पुणे में पदयात्रा का नेतृत्व किया और युवाओं से उनकी विरासत से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

मांडविया और फडणवीस के अलावा, कई केंद्रीय और महाराष्ट्र के मंत्रियों ने भी चार किलोमीटर लंबी पदयात्रा 'जय शिवाजी जय भारत' में हिस्सा लिया। यह ‘कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पुणे टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी’ से शुरू होकर फर्ग्यूसन कॉलेज में समाप्त हुई।

युवा मामले, खेल और श्रम एवं रोजगार मंत्री मांडविया और फडणवीस के साथ 20,000 से अधिक ‘एमवाई भारत युवा’ स्वयंसेवक शामिल हुए, जिन्होंने 17वीं सदी के मराठा योद्धा की समृद्ध विरासत के प्रति उत्साह और श्रद्धा प्रदर्शित की।

छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के अवसर पर आयोजित पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे, मुरलीधर मोहोल के साथ-साथ कई राज्य मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) ने भी भाग लिया। शिवाजी का जन्म वर्तमान पुणे जिले के शिवनेरी किले में हुआ था।

इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए, मांडविया ने युवाओं से मराठा योद्धा राजा की विरासत से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के 'स्वाभिमान' और 'सम्मान' के सिद्धांत एक आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में भारत के युवाओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

भारत की समृद्ध विरासत के लिए आभार व्यक्त करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान नायकों ने देश के मूल्यों को आकार दिया है और अपने साहस, नेतृत्व व मातृभूमि के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से पीढ़ियों को प्रेरित किया है।

मांडविया ने कहा, "छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन हमें सिखाता है कि सच्चा नेतृत्व निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण है।"

मुख्यमंत्री फडणवीस ने महान शासक के प्रति वैश्विक श्रद्धा का जिक्र किया और कहा कि उनकी जयंती न केवल भारत में बल्कि 20 देशों में मनाई जाती है।

उन्होंने शासन, कराधान, कल्याणकारी नीतियों, रक्षा, नौसेना प्रबंधन में छत्रपति शिवाजी महाराज के दूरदर्शी नेतृत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं से उनके सिद्धांतों को बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 19, 2025 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).