नयी दिल्ली, 21 अप्रैल दक्षिण दिल्ली की साकेत अदालत परिसर में शुक्रवार को एक महिला को कथित रूप से गोली मारकर घायल करने वाले व्यक्ति को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी।
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र यादव ने कहा कि आरोपी की पहचान कामेश्वर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार साकेत अदालत में पहले वकील के रूप में सेवाएं देने वाले सिंह ने 25 लाख रुपये के आर्थिक विवाद को लेकर महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था और इस मामले में सुनवाई शुक्रवार को निर्धारित थी।
पुलिस ने कहा कि सिंह ने महिला पर एक से ज्यादा गोलियां चलाईं और उसके पेट तथा हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गयी।
घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें महिला और आरोपी के बीच लॉयर्स ब्लॉक के बाहर कहासुनी होती देखी जा सकती है और इस बीच ही व्यक्ति को अपनी रिवॉल्वर निकालकर महिला के पीछे भागते हुए और गोली चलाते भी देखा जा सकता है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी व्यक्ति महिला पर करीब से दो गोली चलाता है, जो मदद के लिए चिल्लाते हुए भाग रही है। इसके बाद व्यक्ति तीसरी गोली भी चलाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY