देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के डोडा में कुल्हाड़ी से काटकर व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जम्मू, 17 जून जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में 66 वर्षीय एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में एक महिला भी घायल हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि आरोपी भैरव सिंह (31) को घटना के चार घंटे के भीतर गंडोह इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी सिंह ने शुक्रवार शाम गंडोह इलाके में रामकृष्ण नाम के एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई तथा इस घटना में अंजू देवी (42) नाम की एक महिला भी घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को जंगल से दबोच लिया।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार से खुद को भी घायल कर लिया।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि यह घटना दो समूहों के बीच किसी पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)