देश की खबरें | मुंबई पुलिस को पीएफआई के नाम पर फर्जी शिकायतें भेजने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई, 13 सितंबर मुंबई पुलिस ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के नाम पर झूठी शिकायतें भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इन शिकायतों में दावा किया गया था कि संगठन के सदस्य मुंबई में दंगे भड़काने वाले हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए गए अफसर खान उर्फ एमडी अफसर पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में उसका भाई अख्तर वांछित है।

अधिकारी ने बताया कि शहर के भोईवाड़ा थाने को हाल ही में डाक द्वारा कई शिकायतें भेजी गईं, जिनमें दावा किया गया था कि प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के लगभग 19-20 सदस्य मुंबई में दंगे या सांप्रदायिक हिंसा की साजिश रच रहे हैं।

भोईवाड़ा थाने के आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने मामले में जांच शुरू की तो पाया कि सभी पत्र चेंबूर डाकघर के माध्यम से भेजे गए थे।

अधिकारी ने बताया कि एटीएस ने उस लड़के को पकड़ लिया जो डाकघर में पत्र डालकर आता था और उसने पूछताछ में अफसर नाम के एक और व्यक्ति का खुलास किया।

इस बीच, समानांतर जांच कर रही मुंबई अपराध शाखा ने तकनीकी निगरानी के जरिए अफसर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (नुकसान पहुंचाने के इरादे से अफवाह फैलाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

अफसर खान के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई मामले दर्ज हैं। अधिकारी ने बताया कि उसे शस्त्र अधिनियम के एक मामले में धारावी पुलिस को सौंप दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)