CM ममता बनर्जी का बांग्लादेशी आतंकवादियों के साथ संबंधों से इनकार, भाजपा को आरोप साबित करने की चुनौती दी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों द्वारा उन पर बांग्लादेश में आतंकवादियों और कट्टरपंथियों से संबंध होने के लगाये गये आरोपों को सोमवार को खारिज कर दिया.
कोलकाता, 18 फरवरी : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों द्वारा उन पर बांग्लादेश में आतंकवादियों और कट्टरपंथियों से संबंध होने के लगाये गये आरोपों को सोमवार को खारिज कर दिया. ममता ने कहा कि अगर वे (भाजपा विधायक) इस तरह के दावे साबित कर सकें तो वह इस्तीफा दे देंगी. विधानसभा को संबोधित करते हुए ममता ने भाजपा विधायकों की उनके खिलाफ ‘निराधार टिप्पणी’ करने के लिए आलोचना की और कहा कि वह इस तरह के दावों की शिकायत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखेंगी.
ममता ने कहा, “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता उन्हें (भाजपा विधायकों को) नफरत फैलाने वाले भाषण देने और लोगों को बांटने की अनुमति नहीं देती है.” उन्होंने धर्मनिरपेक्षता और सभी समुदायों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व में अपने विश्वास पर जोर दिया. ममता ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया और दावा किया, “भाजपा अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रही है.” मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश में जारी तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पड़ोसी देश में अशांति के बीच उनकी सरकार के प्रयासों से ही पश्चिम बंगाल में शांति व सद्भाव सुनिश्चित हुआ है. ममता ने उन पर मुस्लिम लीग से जुड़े होने का आरोप लगाने वाली टिप्पणियों की निंदा की. यह भी पढ़ें : सिनेमाघर में लंबे विज्ञापन दिखाने पर कोर्ट पहुंचा शख्स, अदालत ने PVR पर लगाया 1 लाख का जुर्माना
उन्होंने कहा, “मुझ पर मुस्लिम लीग की सदस्य होने का आरोप लगाया गया है, मैं ऐसी टिप्पणियों की निंदा करती हूं.” भाजपा के इस दावे पर, कि विधानसभा में पार्टी के सदस्यों को चुप कराया जा रहा है, ममता ने जवाब दिया, “भाजपा विधायक मेरा सामना करने से डरते हैं, यही कारण है कि जब भी मैं बोलती हूं तो वे सदन से बहिर्गमन कर जाते हैं.” उन्होंने धर्मनिरपेक्षता, सभी समुदायों के विकास और राज्य में शांति बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 18, 2025 05:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

