देश की खबरें | ममता ने छात्रा के पिता से की बात, विशाखापत्तनम में अस्वाभाविक परिस्थितियों में हो गई थी मौत

कोलकाता, 20 अगस्त पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को उस छात्रा के पिता से बात की, जिसकी करीब एक महीने पहले विशाखापत्तनम स्थित एक छात्रावास में कथित तौर पर अस्वाभाविक परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के ऊर्जा मंत्री अरूप बिस्वास के मोबाइल फोन से लड़की के पिता सुकदेब साहा से बात की। बनर्जी ने यह बातचीत तब की जब बिस्वास यहां टॉलीगंज स्थित उनके आवास पर आए थे। बिस्वास ने कहा कि मुख्यमंत्री ने साहा को सभी सहायता का आश्वासन दिया।

बिस्वास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि संकट की इस घड़ी में वह शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।’’

साहा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे घटना, मृत्यु की तारीख और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आदि का विवरण देते हुए एक पत्र लिखने को कहा। साहा ने कहा, "उन्होंने मुझसे कहा कि राज्य प्रशासन द्वारा एक अलग जांच की जाएगी।"

मृतक लड़की के परिवार के अनुसार, उन्हें छात्रावास अधीक्षक का फोन आया कि वह 14 जुलाई को छात्रावास भवन की तीसरी मंजिल से गिर गई। लड़की उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए विशाखापत्तनम के एक संस्थान में पढ़ रही थी।

साहा ने कहा कि वह अगले दिन विशाखापत्तनम पहुंचे और उसे दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया। उन्होंने कहा कि हालांकि, 16 जुलाई को उसकी मृत्यु हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)