कोलकाता, दो मार्च पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के लिए रवाना हो गयी, जहां वह विधानसभा चुनाव में वाराणसी में समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार करेंगी।
बनर्जी 108 नगर निकायों के चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद शाम को वाराणसी के लिए रवाना हो गयी। उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने 102 निकायों में विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है।
टीएमसी के सूत्रों ने बताया कि बनर्जी वाराणसी में बृहस्पतिवार को अखिलेश यादव के साथ एक रैली करेंगी और शुक्रवार शाम को कोलकाता लौटेंगी। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है।
बनर्जी ने यहां कहा, ‘‘मैं समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के लिए प्रचार करने वाराणसी जा रही हूं। मैं विश्वनाथ मंदिर घाट भी जाऊंगी और वहां दीया जलाऊंगी।’’
खबरों के अनुसार, राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख जयंत चौधरी भी वाराणसी में बृहस्पतिवार को होने वाली चुनावी रैली में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बनर्जी के साथ शामिल होंगे।
बनर्जी सात-आठ फरवरी को भी उत्तर प्रदेश गयी थीं और उन्होंने लखनऊ में यादव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY