देश की खबरें | ममता ने पुंछ में हुए आतंकवादी हमले पर गहरा दुख जताया

कोलकाता, 21 अप्रैल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हुए आतंकवादी हमले में भारतीय सेना के पांच जवानों के शहीद होने से बहुत दुखी हैं।

उन्होंने शहीद जवानों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनके ‘‘सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा।’’

बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘यह जानकर गहरा दुख हुआ कि जम्मू-कश्मीर में एक बेहद त्रासदीपूर्ण घटना में भारतीय सेना ने अपने बहादुर जवानों को खो दिया। हमारे जवानों ने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए और उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

सेना ने बताया कि पुंछ में बृहस्पतिवार को एक आतंकवादी हमले के बाद सेना के वाहन में आग लगने से पांच जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

सेना ने एक बयान में कहा है कि हमले में शहीद हुए जवान राष्ट्रीय राइफल्स इकाई के थे और उन्हें इलाके में आतंकवाद रोधी अभियानों के लिए तैनात किया गया था।

सेना ने कहा कि जिस वाहन में जवान यात्रा कर रहे थे, वह अज्ञात आतंकवादियों के हमले की चपेट में आ गया और संभवत: ग्रेनेड की चपेट में आने के कारण उसमें आग लग गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)