नयी दिल्ली, 20 फरवरी दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली नयी सरकार के मंत्रिमंडल में सभी प्रमुख समुदायों को संतुलित प्रतिनिधित्व दिया गया है।
पांच फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीट पर जीत दर्ज की, जिसमें उसके नौ विधायक बनिया समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं और इसी समुदाय से आती हैं।
लगभग 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार में गुप्ता (50) के साथ छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, भाजपा का पंजाबी चेहरा आशीष सूद, पार्टी का सिख चेहरा मनजिंदर सिंह सिरसा, कट्टर हिन्दू की छवि वाले कपिल मिश्रा, अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले रवींद्र इंद्रराज और पूर्वांचली चेहरा पंकज कुमार सिंह ने नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली।
राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक चुने गए मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली में भाजपा का सिख चेहरा हैं।
राजौरी गार्डन के अलावा, भाजपा ने हरि नगर और जंगपुरा में भी जीत हासिल की है, जहां सिख मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। गांधी नगर के विधायक अरविंदर सिंह लवली और जंगपुरा के विधायक तरविंदर सिंह मारवाह दिल्ली में भाजपा के अन्य सिख विधायक हैं।
पार्टी ने दो पूर्वांचलियों कपिल मिश्रा और पंकज सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया।
भाजपा के जाट चेहरे प्रवेश वर्मा, जो मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे थे, को भी नए मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है और उन्हें प्रमुख विभाग मिलने की उम्मीद है।
वरिष्ठ नेता और जनकपुरी सीट से पहली बार विधायक बने आशीष सूद को नयी सरकार में मंत्री बनाया गया है और वह पार्टी के जाने-माने पंजाबी नेता हैं।
इसके अलावा, भाजपा, जिसने आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों में आंशिक सफलता का स्वाद चखा और 12 में से चार सीट जीतीं, ने रवींद्र इंद्रराज को मंत्री नियुक्त किया। उन्होंने बवाना सीट पर ‘आप’ के मौजूदा विधायक जय भगवान उपकार को 31,000 से अधिक मतों से हराया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY