जरुरी जानकारी | महिंद्रा फाइनेंस को पहली तिमाही में 240 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा

नयी दिल्ली, 28 जुलाई महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज (महिंद्रा फाइनेंस) का जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफा बढ़कर 240 करोड़ रुपये हो गया।

महिंद्रा फाइनेंस ने बृहस्पतिवार को बताया कि खर्चों में गिरावट और व्यावसायिक परिचालनों से होने वाली आय में वृद्धि के कारण लाभ हुआ है।

कंपनी ने 2021-22 की अप्रैल-जून तिमाही में 1,573.40 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया था। कोविड-19 की दूसरी लहर के प्रभाव के कारण कंपनी को नुकसान हुआ था।

हालांकि, बीते वित्त वर्ष की मार्च तिमाही की तुलना में आलोच्य तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 62 प्रतिशत कम था।

महिंद्रा फाइनेंस ने एक नियामकीय सूचना में कहा कि अप्रैल-जून 2022-23 के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 2,914 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 2,567 करोड़ रुपये थी।

कंपनी की ब्याज आय चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बढ़कर 2,766 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 2,465 करोड़ रुपये थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)