देश की खबरें | महाराष्ट्र: जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा का अनावरण स्थगित

मुंबई, 22 अप्रैल स्वतंत्रता सेनानी और महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री जवाहरलाल दर्डा की यहां एक प्रतिमा का अनावरण स्थगित कर दिया गया। मंगलवार को इसकी घोषणा की गयी।

लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष और पूर्व सांसद विजय दर्डा ने यह घोषणा की और कहा कि यह निर्णय सरकार द्वारा पोप फ्रांसिस के निधन पर सम्मान के रूप में घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक के मद्देनजर लिया गया।

अनावरण मंगलवार को निर्धारित था और इस आयोजन के लिए आने वाले लोगों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणविस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राज्य विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल शामिल थे।

गणमान्य व्यक्तियों ने सम्मान के रूप में प्रतिमा के निकट दो मिनट का मौन रखा।

यह प्रतिमा, बंबई शेयर बाजार के सामने जवाहरलाल दर्डा चौक पर स्थापित की गयी है।

उपस्थित लोगों में लोकमत मीडिया समूह के प्रधान संपादक और महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री राजेंद्र दर्डा, लोकमत मीडिया के प्रबंध निदेशक देवेंद्र दर्डा और संयुक्त प्रबंध निदेशक व संपादकीय निदेशक ऋषि दर्डा शामिल थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)