मुंबई, 21 सितंबर महाराष्ट्र पुलिस के कांस्टेबल से लेकर निरीक्षक पद तक के कर्मी अब सालाना 12 दिनों के बजाय 20 दिनों का आकस्मिक अवकाश ले सकेंगे। इससे संबंधित प्रस्ताव को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बुधवार को हुई बैठक में मंजूरी दी गई।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि इससे पहले राज्य सरकार के कर्मियों के लिए आकस्मिक अवकाश की संख्या आठ दिन से बढ़ाकर 12 दिन की गई थी।
बयान में कहा गया कि पुलिस कर्मियों पर उत्सवों के दौरान ‘बंदोबस्त’ और वीवीआईपी ड्यूटी जैसे बढ़ते काम के बोझ के चलते, कांस्टेबल से निरीक्षक पद तक के कर्मियों के आकस्मिक अवकाश की संख्या 12 दिन से बढ़ाकर 20 दिन की गई है।
इससे संबंधित घटनाक्रम में मुख्यमंत्री शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में 75 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती को पारदर्शी तरीके से कराने का निर्देश दिया है।
बयान के मुताबिक 7,231 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो गई है और संबंधित विज्ञापन पहले ही जारी किया जा चुका है।
इन पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा से पहले शारीरिक परीक्षा कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों से युक्त 20 मैदानों में कराने का निर्देश दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY