देश की खबरें | महाराष्ट्र : नागपुर के एक व्यवसायी ने ऑनलाइन जुए में 58 करोड़ रुपये गंवाये

नागपुर, 22 जुलाई महाराष्ट्र में नागपुर के एक व्यवसायी ने ऑनलाइन जुए में 58 करोड़ रुपये गंवा दिये। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम जांच में जुटी और एक संदिग्ध सट्टेबाज अनंत उर्फ सोंटू नवरतन जैन के गोंदिया शहर में स्थित उसके आवास तक पहुंची। उन्होंने बताया कि हालांकि छापेमारी से ठीक पहले आरोपी वहां से भाग गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी के आवास से शनिवार को चार किलोग्राम सोने के बिस्कुट और 14 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस को संदेह है कि सट्टेबाज दुबई भाग गया है।

नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा, "प्रथमदृष्टया जैन ने शिकायतकर्ता व्यवसायी को ज्यादा मुनाफा कमाने के लिये ऑनलाइन जुआ खेलने के लिया मना लिया था। हालांकि, व्यवसायी शुरुआत में थोड़ा झिझके लेकिन बाद में वह जैन की बातों में आ गया और हवाला व्यापारी के माध्यम से उसे आठ लाख रुपये हस्तांतरित कर दिये।"

कुमार ने बताया कि जैन ने व्यवसायी को ऑनलाइन जुआ खाता खोलने के लिए व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। उन्होंने बताया कि व्यवसायी को खाते में आठ लाख रुपये जमा मिले और उसने जुआ खेलना शुरू कर दिया।

पुलिस आयुक्त ने कहा, "शुरुआती सफलता के बाद, व्यवसायी को भारी नुकसान हुआ क्योंकि उसने लगभग पांच करोड़ रुपये जीतकर 58 करोड़ रुपये गंवा दिए।"

उन्होंने बताया कि व्यवसायी को घाटा होने पर संदेह हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन जैन ने पैसे वापस देने से इनकार कर दिया।

कुमार ने कहा, "व्यवसायी ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गोंदिया में जैन के आवास पर छापा मारा। छापेमारी अभियान में 14 करोड़ रुपये नकद और चार किलोग्राम सोने के बिस्कुट बरामद किए गए।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)